रायपुर । भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जम्वाल ने सदस्यता अभियान को लेकर बस्तर और सरगुजा संभाग के पदाधिकारियों के बैठक ली। इससे पूर्व दुर्ग, रायपुर व बिलासपुर संभाग की बैठक ले चुके हैं। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष किरण देव व मंत्री रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह व महेश कश्यप, पूर्व वन विकास निगम अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी सहित पार्टी पदाधिकारी, बस्तर व सरगुजा सदस्यता अभियान के टोली के सदस्य मौजूद थे।
शुक्रवार को जगदलपुर व अम्बिकापुर के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री जम्वाल ने कहा कि सदस्यता अभियान की सफलता सबकी जिम्मेदारी है। हमें जिस तरह से आशातीत सफलताएं मिल रही है इसके लिए पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान की टोली लगी हुई है। हमने जो लक्ष्य तय किया है उसे पूर्ण होना ही सबकी सफलता को साबित करेगा। जिसके लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जुटा है। अभी तक सफलता हमे प्रेरित करने वाली है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने कहा कि सभी जिलों से लेकर बूथ तक सदस्यता अभियान में हमें व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता तन्मयता से जुटा है। समाज के हर वर्ग का भाजपा के इस अभियान को समर्थन मिल रहा है। अभियान की सफलता के लिए अधिक से अधिक सदस्य बनाने की अपील की है। जिससे की सदस्यता अभियान के लक्ष्यों को पूरा किया जा सके।
नई पीढ़ी को पार्टी की विचारधारा से जोड़ें : साय
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। प्रत्येक बूथ-शक्ति केन्द्र व जिलावार हमें अपने लक्ष्य को पूरा करने हर संभव प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि नयी पीढ़ी को अधिक से अधिक पार्टी विचारधार से जोड़ने की जरूरत है।
सदस्यता अभियान संयोजक, अनुराग सिंह देव ने ली बैठक
प्रदेश सदस्यता अभियान संयोजक अनुराग सिंहदेव ने मरवाही में जिला पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जितना अधिक सदस्यता होगी उतना अधिक ही हम शक्तिशाली होंगे। हमारे लिए यह संगठन का महाउत्सव है। जिसमें उसकी सहभागिता जरूरी है।
सहप्रभारी नवीन मारकंडे ने सक्ती व मुंगेली जिले के बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जिलेवार व विधानसभावार हमारी सभी बैठक संपन्न हो चुकी है। सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी सदस्यता अभियान को सफल बनाने में हर मोर्चे पर जुटे हुए हैं। जल्द ही राष्ट्रीय पदाधिकारियों का भी प्रवास प्रदेश में होगा। जिससे की अभियान को और गति मिल सके।
प्रदेश प्रभारी शनिवार को लेंगे बैठक
भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सदस्यता अभियान की प्रगति पर समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में सदस्यता टोली के सारे पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। अब तक सदस्यता अभियान में मिली सफलता पर व आगामी कार्ययोजना पर बिन्दूवार चर्चा होगी।
