चेन्नई: महेंद्र सिंह धोनी का बल्ला आईपीएल 2024 में जमकर बोल रहा है। भले ही 42 साल के धोनी को कुछ ही गेंद खेलने का मौका मिलता है लेकिन वह उसमें भी अपनी छाप छोड़ देते हैं। 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले धोनी प्रोफेशनल क्रिकेट में आईपीएल के अलावा कुछ नहीं खेलते। इसके बाद भी वह पूरी लय में दिख रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में धोनी ने क्रीज पर उतरते ही छाप छोड़ दी।
धोनी ने चौके से खोला खाता
चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के आखिरी ओवर में कप्तान रुतुराज गायकवाड़ आउट हो गए। शतक से सिर्फ दो रन पहले रुतुराज को टी नटराजन ने आउट किया। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे। पारी में सिर्फ 4 गेंदें ही बाकी थीं। धोनी ने आते ही पहली ही गेंद पर चौका मार लिया। नटराजन के लेग स्टंप की गेंद को धोनी ने स्क्वायर लेग अंपायर के सिर के ऊपर से फ्लिक कर चौका बटोरा। अगली गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया और फिर स्ट्राइक नहीं मिली।
खुशी से झूमीं पत्नी साक्षी
यह मैच खेलने के लिए महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी भी चेपॉक स्टेडियम पहुंची थीं। अपने दोस्तों के साथ साक्षी स्टैंड्स में थीं। जब धोनी ने अपनी पहली ही देख पर चौका मारा तो साक्षी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह लगातार तालियां बजा रही थीं। साक्षी धोनी आईपीएल के इस सीजन में काफी कम मौकों पर स्टेडियम में मैच देखते हुए नजर आई हैं।
मैच में क्या-क्या हुआ?
तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे के शानदार चार विकेट की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद पर 78 रनों की बड़ी जीत के साथ अपने दो मैचों की हार का सिलसिला तोड़ दिया। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के 98 और डेरिल मिशेल के 52 रनों की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने 3 विकेट पर 212 रन बनाए। पैट कमिंस की सनराइजर्स हैदराबाद लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई और 18.5 ओवर में 134 रन पर आउट हो गई।
