खरी खरी संवाददाता

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर घर तिरंगा अभियान – तिरंगा यात्रा का तात्या टोपे स्टेडियम भोपाल में शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टी.टी. नगर स्टेडियम में तिरंगा यात्रा आरंभ करने की विधिवत घोषणा की तथा तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इससे, पहले मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लगाया और वे “हर घर तिरंगा अभियान” के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री निवास से तिरंगा लेकर रवाना हुए। मुख्यमंत्री निवास का समस्त स्टॉफ हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में समत्व भवन तक पैदल पहुंचा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवास से मोटरसाइकिल पर तात्या टोपे स्टेडियम के लिए रवाना हुए।

टीटी नगर स्टेडियम से यात्रा प्रारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में टी.टी. नगर स्टेडियम से तिरंगा यात्रा आरंभ हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, स्वयं सेवी संगठनों के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, न्यू मार्केट और माता मंदिर क्षेत्र के व्यापारी, और स्थानीय जन शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा स्टेडियम से महाराणा प्रताप लोक, टीन शेड, सांदीपनि विद्यालय टी.टी नगर पहुंची। यहां से मुख्यमंत्री डॉ. यादव मोटर साइकिल पर तिरंगा लेकर रवाना हुए और न्यू मार्केट, रोशनपुरा, पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति सहित अन्य संस्थानों ने बैण्ड पर प्रस्तुत देशभक्ति धुनों के बीच पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत-अभिवादन किया।

अभियान 14 अगस्त तक चलेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर मीडिया से चर्चा में कहा कि आज ही के दिन 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन आरंभ हुआ था। महात्मा गांधी के आव्हान पर गुलामी के विरुद्ध आरंभ हुए इस निर्णायक संघर्ष ने अंग्रेजों की चूलें हिला दिला दी थीं। इस आंदोलन से विश्व ने भारत में आजादी की ललक देखी। देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों द्वारा दिए गए बलिदान और संघर्ष के साथ ही अहिंसक आंदोलन से पूरे देश में ज्वार उठा। इसी के परिणाम स्वरुप 5 सालों में ही अंग्रेजों को घोषित तिथि से पहले ही देश को आजादी देनी पड़ी। सभी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से ही भारत आजाद हुआ। “हर घर तिरंगा अभियान” सभी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। यह अभियान आज 9 अगस्त से आरंभ होकर 14 अगस्त तक चलेगा। प्रदेश के हर गांव, वार्ड, कस्बे, से लेकर राजधानी तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएगी और अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आव्हान भी किया।